नयी दिल्ली , जुलाई 22 -- रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के सेंटर फॉर एयर बोर्न सिस्टम्स (सीएबीएस) ने एयरबोर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल (अवाक्स) एमके-II कार्यक्रम के लिए उद्योग भागीदारों के साथ दो अनुबंध किये हैं।

रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि पहले अनुबंध के तहत, एआई इंजीनियरिंग सर्विसेज लिमिटेड (एआईईएसएल), नयी दिल्ली, छह ए321 विमानों को वाणिज्यिक विन्यास से ग्रीन कॉन्फ़िगरेशन में परिवर्तित करेगी। यह कार्य अवाक्स एमके-II कार्यक्रम के विकास और उत्पादन की दिशा में किया जायेगा।

दूसरा अनुबंध अदाणी डिफेंस सिस्टम्स एंड टेक्नोलॉजीज लिमिटेड (एडीएसटीएल), अहमदाबाद के साथ किया गया है। कंपनी अवाक्स एमके-II कार्यक्रम के लिए विकसित किये जा रहे मिशन सिस्टम्स की डेवलपमेंट-कम-प्रोडक्शन पार्टनर के रूप में कार्य करेगी।

इन अनुबंधों पर मंगलवार को यहां सीएबीएस के निदेशक, एआईईएसएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और एडीएसटीएल के हेड-एयरबोर्न प्लेटफॉर्म ने हस्ताक्षर किये। इस अवसर पर रक्षा सचिव, रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव तथा डीआरडीओ के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित