भिण्ड , जुलाई 16 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड रेलवे स्टेशन के अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास कार्य पूर्ण होने के बाद प्रस्तावित उद्घाटन से पहले झांसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनिरुद्ध कुमार ने स्टेशन का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्घाटन से पूर्व सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित भिण्ड रेलवे स्टेशन का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई को नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ करेंगे।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन भवन के नए फसाड, प्रवेश एवं निकास द्वार, प्रतीक्षालय, टिकट बुकिंग काउंटर, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, पेयजल, शौचालय, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं, प्रकाश व्यवस्था, साइनेज तथा स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यात्रियों को सभी सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने सुरक्षा एवं संरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान यात्रियों और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

डीआरएम ने स्टेशन परिसर की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, यातायात प्रबंधन तथा दिशा-सूचक संकेतकों का कार्य भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित भिण्ड रेलवे स्टेशन में आधुनिक सुविधाओं के साथ स्थानीय विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और विकास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित