नयी दिल्ली, अक्टूबर 11 -- राजस्व आसूचना निदेशालय(डीआरआई) की मंगलुरु क्षेत्रीय इकाई ने दिल्ली से बेंगलुरु जा रहे एक भारतीय नागरिक से ट्रेन में तीन पैकेट बरामद किए, जिनमें 5.753 किलोग्राम सफेद क्रिस्टलीय पदार्थ था। इसके मादक पदार्थ मेथामफेटामाइन(क्रिस्टल मेथ) होने का शक है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार आठ और नौ अक्टूबर को खुफिया सूचनाओं के आधार पर चलाए गए एक अभियान के दौरानट्रेन में जा रहे एक व्यक्ति की बैग की तलाशी के दौरान तीन पैकेट बरामद किए गए जिनमें 5.753 किलोग्राम सफेद क्रिस्टलीय पदार्थ था। संदिग्ध मादक पदार्थ को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम(एनडीपीएस अधिनियम),1985 के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और बाद में सक्षम एनडीपीएस न्यायालय द्वारा न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

मेथामफेटामाइन, जिसे आमतौर पर क्रिस्टल मेथ या आइस के नाम से जाना जाता है, एक शक्तिशाली, नशे की लत पैदा करने वाला कृत्रिम मनोउत्तेजक पदार्थ है, जो केंद्रीय तंत्रिका तंत्र को प्रभावित करता है। इसके गलत इस्तेमाल से इसकी लत लग सकती है और शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित