नयी दिल्ली , मई 22 -- राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की गुवाहाटी जोनल यूनिट ने पूर्वोत्तर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 60 हजार किलोग्राम विदेशी मूल की तस्करी की सुपारी (अरेका नट) जब्त की है।
वित्त मंत्रालय के सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि डीआरआई ने यह कार्रवाई मिजोरम और असम में अलग-अलग अभियानों के दौरान की। इन मामलों में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि विदेशी मूल की सूखी सुपारी को म्यांमार-मिजोरम सीमा के रास्ते भारत में तस्करी कर लाया गया था। उन्होंने बताया कि पड़ोसी देश से अवैध रूप से लाई जा रही सुपारी से देश के घरेलू सुपारी उत्पादकों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। इसके साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों की आर्थिक सुरक्षा पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
डीआरआई ने कहा कि तस्करी के इस नेटवर्क की गहन जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। एजेंसियां सीमा क्षेत्रों में अवैध व्यापार पर निगरानी और सख्ती बढ़ा रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित