नयी दिल्ली , जुलाई 13 -- वन्यजीव तस्करी के खिलाफ देश व्यापी अभियानों के तहत राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने 440 लुप्तप्राय एवं संरक्षित वन्यजीवों और लगभग 15 किलोग्राम हाथीदांत की वस्तुओं और हाथीदांत को जब्त किया है।

एजेंसी की ओर से वित्त मंत्रालय द्वारा सोमवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार खुफिया सूचनाओं के आधार पर इस अभियान में वन्यजीव तस्करी में शामिल होने के आरोप में 33 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि डीआरआई के अधिकारियों ने दस जुलाई को राजस्थान के सुजानगढ़ के पास हाथीदांत के गैर-कानूनी व्यापार में शामिल लोगों को पकड़ा। इस अभियान के परिणामस्वरूप लगभग 11 किलोग्राम हाथीदांत बरामद और जब्त किया गया। चार लोगों को पकड़ा गया और जब्त किए गए हाथीदांत के साथ वन विभाग को सौंप दिया गया, ताकि वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के तहत आगे की कार्रवाई की जा सके। भारतीय हाथी (एलीफस मैक्सिमस) वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची प्रथम के तहत सूचीबद्ध वन्य प्राणी है। भारत में हाथीदांत का व्यावसायिक व्यापार भी प्रतिबंधित है, और विदेश व्यापार नीति के तहत हाथीदांत के आयात और निर्यात पर रोक है।

विज्ञप्ति के अनुसार इससे पहले, हावड़ा (पश्चिम बंगाल ) में डीआरआई अधिकारियों ने दो लोगों को पकड़ा और हाथीदांत से बनी देवी-देवताओं की दो मूर्तियां ज़ब्त कीं; शक है कि इन्हें बंगलादेश से तस्करी करके भारत में लाया गया था। इसी तरह मैसूर (कर्नाटक) में एक और अभियान में, डीआरआई अधिकारियों ने 4 किलो हाथीदांत ज़ब्त किया और इसके अवैध व्यापार में शामिल तीन लोगों को पकड़ा, जिन्हें बाद में आगे की कार्रवाई के लिए वन विभाग को सौंप दिया गया।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि 7-8 जुलाई को महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में कई जगहों पर चलाये गये अभियान में वन्यजीवों की तस्करी करने वाले एक अंतर-राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया गया। यह डीआरआई, मुंबई और सीबीआई की आर्थिक अपराध शाखा (ईओबी), मुंबई द्वारा वन्य जीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (डब्ल्यूसीसीबी) की मदद से चलाया गया अपनी तरह का पहला बड़ा संयुक्त अभियान था। अभियान के दौरान पकड़े गये वन्य जीवों में 15 स्लो लोरिस, 2 बिंटुरोंग, 28 स्टार कछुए, 6 इजिप्शियन गिद्ध और 2 शिकरा पक्षी शामिल हैं।

इस मामले में डीआरआई की ओर से जुटाई गयी जानकारी के आधार पर सीबीआई भी जांच कर रही है और छह आरोपियों को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि डीआरआई ने बैंकॉक, कुआलालंपुर और कोलंबो से आने वाले यात्रियों द्वारा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों के जरिए भारत में संरक्षित वन्यजीवों की तस्करी की कई कोशिशों को सफलतापूर्वक नाकाम किया है। इनमें एल्बिनो रेड-ईयर्ड कछुआ, हाइपो जीरो बियर्डेड ड्रैगन, अफ्रीकन स्पर्ड कछुआ, बोर्नियो अजगर, ग्रीन इगुआना, मैंग्रोव मॉनिटर छिपकली, अर्जेंटीना की काली और सफेद टेगु, गोएल्डी मार्मोसेट, पीले गाल वाले गिब्बन, इंडोनेशियाई नीली जीभ वाली स्किंक, सियामांग गिब्बन, ऊनी बंदर, सिल्वरी लुटुंग, पीले पेट वाला बॉल पायथन, पेस्टल बॉल पायथन जैसे जीवों को जब्त किया गया और बचाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित