नयी दिल्ली , अक्टूबर 19 -- राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग अभियानों में 7.1 किलोग्राम से अधिक एम्फैटेमिन और 3.1 किलोग्राम से अधिक कोकीन जब्त तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
वित्त मंत्रालय ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, नागपुर के पास और नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर की गई। खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए इन अभियानों में हवाई और सड़क मार्ग से मादक पदार्थों की तस्करी के प्रयासों का पर्दाफाश हुआ।
डीआरआई अधिकारियों ने 14 अक्टूबर को मिली विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर दिल्ली से बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे एक यात्री को रोका। उसके सामान की जांच के दौरान 5.166 किलोग्राम एम्फैटेमिन बरामद हुआ। अधिकारियों ने मादक पदार्थ को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया और यात्री को गिरफ्तार कर लिया।
दूसरी कार्रवाई में डीआरआई ने 16 अक्टूबर को नागपुर के बाहरी इलाके में साओनेर के खापा फाटा के पास दिल्ली से हैदराबाद जा रही एक बस में तलाशी ली। इस दौरान एक भारतीय यात्री के बैग में रखे नए महिला सूट के भीतर छिपाकर रखा गया सफेद क्रिस्टलीय पदार्थ बरामद हुआ। बैग का वजन असामान्य रूप से अधिक होने पर अधिकारियों ने उसकी भीतरी परत की जांच की, जिसमें एक अतिरिक्त पैकेट मिला। मौके पर किए गए परीक्षण में पदार्थ के एम्फैटेमिन होने की पुष्टि हुई। इस कार्रवाई में कुल 1.97 किलोग्राम एम्फैटेमिन जब्त किया गया और संबंधित यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया।
तीसरे अभियान में 15 और 16 अक्टूबर के दौरान मिली खुफिया जानकारी के आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने घाना से नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर पहुंचे एक भारतीय यात्री को रोका। उसके सामान की जांच में छह पारदर्शी पैकेट मिले, जिनमें सफेद पाउडर भरा हुआ था। इसका कुल वजन 3.134 किलोग्राम था। मौके पर किए गए परीक्षण में पदार्थ के कोकीन होने की पुष्टि हुई। इसके बाद अधिकारियों ने इसे एनडीपीएस अधिनियम के तहत जब्त कर लिया और यात्री को गिरफ्तार कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित