सिद्धार्थनगर , सितंबर 9 -- उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में डीआईजी बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने बुधवार को एक स्थानीय विद्यालय में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव, महिला सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
श्री त्यागी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन के साथ मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत जोगिया उदयपुर थाना क्षेत्र के सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल करौंदा मसिना में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग और सोशल मीडिया हैकिंग जैसे साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी विभिन्न तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं, इसलिए किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी अथवा अन्य संवेदनशील विवरण साझा न करें।
डीआईजी ने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं की सहायता के लिए प्रत्येक थाने में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर महिलाएं और छात्राएं महिला पुलिसकर्मियों के समक्ष अपनी समस्याएं सहजता से रख सकती हैं तथा आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराध का शिकार होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा के साथ-साथ महिला एवं बालिका सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित