भदोही , जुलाई 21 -- उत्तर प्रदेश के विंध्याचल परिक्षेत्र, मीरजापुर की पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) पूनम ने मंगलवार को गूगल मीट के माध्यम से परिक्षेत्र के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था तथा आगामी कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, रूट डायवर्जन, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों एवं गंगा घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

डीआईजी पूनम ने 'यक्ष एप' के माध्यम से चलाए जा रहे सत्यापन अभियान की समीक्षा करते हुए हिस्ट्रीशीटरों एवं सक्रिय अपराधियों की सतत निगरानी, वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, प्रभावी बीट पुलिसिंग तथा लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीएनएस, ई-साक्ष्य और ई-समन प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन की भी समीक्षा करते हुए तकनीकी साक्ष्यों के अधिकतम उपयोग पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि जनसामान्य की शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। थाना स्तर पर प्रत्येक फरियादी के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक स्थिति में त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया दी जाए।

डीआईजी ने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित