जालौन , अप्रैल 13 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में स्थित डॉ. अम्बेडकर इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति के अवैधानिक चुनाव को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। संस्था की पूर्व प्रबंधक एवं साधारण सभा की आजीवन सदस्य सीमा सिंह ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत में कहा गया है कि डीआईओएस कथित रूप से कूटरचित साधारण सभा सूची के आधार पर चुनाव कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहे हैं, जबकि यह मामला रजिस्ट्रार, फर्म एवं सोसायटी, झांसी के समक्ष विचाराधीन है।
सीमा सिंह के अनुसार उन्होंने 28 फरवरी को रजिस्ट्रार कार्यालय में आपत्ति दर्ज कराई थी। इस पर 8 अप्रैल को सुनवाई हुई, लेकिन प्रक्रिया पूर्ण न होने के कारण अगली सुनवाई की तिथि 22 अप्रैल तय की गई है। इसके बावजूद आरोप है कि विपक्षी पक्ष के कुछ पदाधिकारी, जिनमें प्रधानाचार्य राजेश कुमार, प्रबंधक सुरेश चंद्र त्रिवेदी, अध्यक्ष काशीप्रसाद जाटव और उपाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार जाटव शामिल हैं, डीआईओएस से मिलीभगत कर एक सप्ताह के भीतर चुनाव कराने का प्रयास कर रहे हैं।
प्रार्थिनी ने मांग की है कि वर्ष 2018-19 में रजिस्ट्रार कार्यालय में पंजीकृत साधारण सभा सूची के आधार पर ही चुनाव कराया जाए, न कि विवादित सूची पर। उन्होंने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि रजिस्ट्रार स्तर पर सुनवाई पूरी होने तक चुनाव प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए, ताकि निष्पक्षता और वैधानिक प्रक्रिया सुनिश्चित हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित