शामली , अक्टूबर 21 -- उत्तर प्रदेश के शामली जिले में पानीपत बाईपास फ्लाईओवर पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के डिवाइडर से टकराकर पलट जाने से चालक समेत दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, हरियाणा के पानीपत की ओर से आ रही स्कॉर्पियो कैराना स्थित पानीपत बाईपास फ्लाईओवर पर पहुंचते ही अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार कई बार पलट गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलने पर कैराना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकालकर एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने चालक संदीप और अंकित, निवासी बापौली, हरियाणा को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मेजर और आतिश को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

क्षेत्राधिकारी हेमंत कुमार ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित