सागर , मई 15 -- मध्यप्रदेश में सागर जिले के बंडा थाना क्षेत्र में क्वायल ब्रिज के पास एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे दो लोग घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार दुर्घटना की सूचना मिलने पर एफआरबी क्रमांक-10 को मौके पर भेजा गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि घायल अपने गांव से बंडा की ओर एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक कमल सिंह गौड़ निवासी ग्राम बमनोरा गंभीर रूप से घायल हो गए। वह पेशे से शिक्षक बताए गए हैं। उनके सिर से लेकर पैरों तक कई स्थानों पर गंभीर चोटें आईं तथा अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। वहीं दूसरे घायल मनोज साहू को भी चोटें आई हैं।
एफआरबी टीम ने दोनों घायलों को तत्काल बंडा अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू कराया गया। पुलिस ने घायलों के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है। पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल नई होने के कारण उसका पंजीयन नंबर उपलब्ध नहीं हो सका। बाद में वाहन घायलों के परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित