नोएडा , अगस्त 01 -- त्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-20 थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ई-कॉमर्स कंपनियों के सामान की चोरी और उसकी अवैध खरीद-फरोख्त करने वाले एक संगठित गिरोह के पांच शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से लगभग 75 लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद हुआ है। पुलिस इस मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
शनिवार को पुलिस ने प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी और बताया कि, मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से की गई कार्रवाई के दौरान आरोपियों को नोएडा सेक्टर-69 ए-313, से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वासिद खान, सुनील कुमार, विजय सिंह, धर्मेंद्र और रघुराज सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का सरगना वासिद खान था, जो पिछले तीन-चार महीनों से अपने साथियों के साथ मिलकर फ्लिपकार्ट और अमेजन जैसी ई-कॉमर्स कंपनियों के सामान की चोरी करवा रहा था।
गिरोह में शामिल डिलीवरी बॉय कंपनी के हब से पार्सल लेकर निकलते थे और रास्ते में ही महंगे सामान को निकालकर उसकी जगह सस्ता सामान रख देते थे या फिर पैकेट खाली छोड़ देते थे। इस कारण ग्राहकों या विक्रेताओं तक असली सामान नहीं पहुंच पाता था। चोरी किया गया सामान वासिद खान, विजय सिंह और सुनील कुमार के पास लाया जाता था, जहां से उसे कम कीमत पर खरीदकर अन्य ग्राहकों को बेच दिया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 बोरे और 50 कपड़े के कार्टन बरामद किए हैं। इनमें बड़ी मात्रा में प्रोटीन सप्लीमेंट, जूते, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, कान की मशीन, बीपी और शुगर मापने की मशीनें, बेबी वाइप्स तथा अन्य ई-कॉमर्स उत्पाद शामिल हैं।
बरामद सामान में प्रमुख रूप से,39 डिब्बे (2-2 किलोग्राम) प्रोटीन वन वे कंपनी के, 15 डिब्बे,165 पैकेट बेबी वाइप्स,18 जोड़ी जूते,14 कान की मशीनें,3 शुगर मापने की मशीनें,4 बीपी मापने की मशीनें, प्रोटेनेक्स का एक डिब्बा,फ्लिपकार्ट और अमेजन के विभिन्न सामान से भरा एक बोरा,50 कपड़े के कार्टन।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित