रायपुर , अगस्त 10 -- छत्तीसगढ की राजधानी रायपुर में संचालनालय तकनीकी शिक्षा ने सत्र 2026-27 के लिए संचालित सभी चार डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों के पंजीयन की अंतिम तिथि 11 अगस्त तक बढ़ा दी है।

संचालनालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार डिप्लोमा इंजीनियरिंग एवं आर्किटेक्चर, सीडीडीएम/आईडी, एमओएम/एचएमसीटी तथा डिप्लोमा इंजीनियरिंग (पार्श्व प्रवेश) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित अवधि में पंजीयन करा सकते हैं।

आईटीआई के परिणाम घोषित होने के बाद आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर देने के उद्देश्य से पंजीयन की अवधि बढ़ाई गई है।

अतिरिक्त संचालक, संचालनालय तकनीकी शिक्षा, नवा रायपुर अटल नगर से प्राप्त जानकारी के अनुसार केवल पंजीयन की अंतिम तिथि में परिवर्तन किया गया है। शेष प्रवेश प्रक्रिया की सभी तिथियां एवं कार्यक्रम पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यथावत रहेंगे।

डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी 11 अगस्त को शाम छह बजे तक अनिवार्य रूप से पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कर लें। प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की 11 मई 2023 को जारी अधिसूचना प्रकाशित प्रवेश नियमों के अनुसार निर्धारित योग्यता पूरी करना अनिवार्य है।

अभ्यर्थी पंजीयन एवं प्रवेश संबंधी जानकारी के लिए संचालनालय तकनीकी शिक्षा की वेबसाइट डीटीईडॉटसीजीडॉटजीओवीडॉटइन तथा प्रवेश पोर्टल सीजीडीटीईएडमिशंसडॉटएनआईसीडॉट इन पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित