चम्पावत , जुलाई 28 -- उत्तराखंड शासन के निर्देशानुसार युवा महोत्सव-2026-27 के अंतर्गत चम्पावत जिला में डिजिटल युवा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के माध्यम से 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को अपनी प्रतिभा तथा डिजिटल रचनात्मकता का प्रदर्शन करने के लिए मंच उपलब्ध कराया जाएगा।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मंगलवार को बताया कि महोत्सव का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि अधिक से अधिक युवा प्रतिभाग कर सकें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंशा के अनुरूप यह आयोजन युवाओं की प्रतिभा को पहचान दिलाने के साथ ही उन्हें डिजिटल मंच उपलब्ध कराने तथा उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं पर्यटन पहचान को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा व्यक्तिगत एवं दल श्रेणी में प्रतियोगिताओं में भाग ले सकेंगे। चार सप्ताह तक आयोजित होने वाले महोत्सव में स्वास्थ्य एवं व्यायाम प्रतियोगिता के तहत सूर्य नमस्कार, दंड-बैठक, रस्सी कूदना, शरीर संतुलन और अंतिम स्वास्थ्य चुनौती जैसी गतिविधियां शामिल होंगी।

इसी तरह सांस्कृतिक एवं रचनात्मक श्रेणी में 'मेरा जनपद-मेरी पहचान', 'मेरा उत्तराखंड-मेरा गौरव', युवा छायाचित्रण प्रतियोगिता तथा 'एक मिनट-एक हुनर' जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतिभागियों को अपनी मौलिक वीडियो, लघु वीडियो अथवा छायाचित्र निर्धारित समय सीमा के भीतर 'फिट उत्तराखंड' मोबाइल ऐप पर अपलोड करने होंगे। सभी प्रविष्टियों का मूल्यांकन जिला स्तरीय समिति द्वारा किया जाएगा।

जिलाधिकारी के अनुसार जिला स्तर पर प्रत्येक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 5,000, 3,000 और 2,000 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। जिला स्तर पर चयनित उत्कृष्ट प्रतिभागियों को राज्य युवा महोत्सव के दौरान राज्य स्तर पर भी सम्मानित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने जिले के युवाओं से डिजिटल युवा महोत्सव में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा, स्वास्थ्य, संस्कृति और स्थानीय पहचान को डिजिटल माध्यम से देशभर तक पहुंचाने का सुनहरा अवसर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित