पटना , जून 12 -- िहार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा है कि राजस्व विभाग अब पूरी तरह डिजिटल मोड में कार्य कर रहा है, ऐसे में जिलों के अधिकारियों को तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर सभी राजस्व सेवाओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करना चाहिए। राजस्व कार्यों की जिलावार समीक्षा के 13वें और अंतिम दिन मंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अररिया, लखीसराय एवं जमुई जिलों के राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी ऑनलाइन सेवाओं, न्यायालयीन मामलों तथा राजस्व महाअभियान से संबंधित कार्यों की प्रगति का आकलन किया।

समीक्षा के दौरान डॉ. जायसवाल ने कहा कि विभाग की अधिकांश सेवाएं अब ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित हो रही हैं। इसलिए तकनीकी दक्षता और डिजिटल मॉनिटरिंग को मजबूत बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि तकनीकी टीमों के माध्यम से दाखिल-खारिज, परिमार्जन, ई-मापी, ऑनलाइन आवेदन एवं अन्य डिजिटल सेवाओं की नियमित निगरानी की जाए ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

मंत्री ने कहा कि विभिन्न राजस्व न्यायालयों द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों और आदेशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए विभाग प्रत्येक जिले में वहां के वरीय अधिकारी के नेतृत्व में एक स्पेशल सेल गठित करने की योजना बना रहा है। यह सेल न्यायालयीन मामलों की समीक्षा करेगा तथा निर्देशों के अनुपालन की निगरानी करेगा, जिससे लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाई जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित