नयी दिल्ली , जून 16 -- भारत मोबाइल ऐप आधारित डिजिटल भुगतान सेवा यूपीआई अब फ्रांस के नीस शहर तक पहुंच गई है।

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने वहां इस सेवा का उद्घाटन किया और कहा कि इससे फ्रांस और भारत के आर्थिक संबंधों में और प्रगाढ़ता आएगी।

श्री गोयल ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा," फ्रांस के नीस मैसेना में मशहूर गैलरीज लाफायेट में यूपीआई शुरू करते हुए बहुत खुशी हो रही है।"उन्होंने कहा कि भारत के इस विश्व स्तरीय डिजिटल भुगतान प्लेटफॉर्म को फ्रांस के प्रमुख रिटेल डेस्टिनेशन में से एक तक ले जाना, इसके विश्व स्तरीय विस्तार की दिशा में एक और अहम कदम है।

लीरा कोलेक्ट और एन आई टी एल (एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड) की भागीदारी के साथ, यह पहल बड़े पैमाने पर भरोसेमंद, आसान और इंटरऑपरेबल डिजिटल समाधान देने की भारत की क्षमता को दिखाती है।

श्री गोयल ने कहा , "यह शुभारंभ भारत और फ्रांस के बीच आर्थिक और तकनीकी संबंधों को और मजबूत करता है, जो हमारी रणनीतिक साझेदारी की बढ़ती गहराई और महत्वाकांक्षा को दर्शाता है।"यह सेवा फ्रांस के पेरिस शहर में पहले ही शुरू हो गई थी।

यूपीआई को आज संयुक्त अरब अमीरात, कतर, मॉरीशस श्रीलंका, नेपाल, भूटान, सिंगापुर में भी भुगतान के लिए प्रयोग में लाया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित