पटना , मई 15 -- बिहार के कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने शुक्रवार को कहा कि डिजिटल क्रांति से बिहार का किसान सशक्त होगा।

कृषि मंत्री विजय सिन्हा की अध्यक्षता में आज कृषि भवन, पटना में 'बिहार कृषि ऐप' की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में किसानों के बीच ऐप के प्रचार-प्रसार, प्रशिक्षण, मॉनिटरिंग और किसान सहभागिता को सुदृढ़ करने के लिये कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में कृषि मंत्री श्री सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि ग्रामीण स्तर पर कृषि डिजिटल साक्षरता बढ़ाने के लिए पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर युवा किसान प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जायें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित युवाओं को ''बिहारी डिजिटल कृषि योद्धा'' के रूप में पहचान दिलायी जायेगी, जो अन्य किसानों को ऐप के उपयोग के लिये प्रेरित करेंगे। उन्होंने बताया कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले बिहारी डिजिटल कृषि योद्धाओं को विभाग की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा।

श्री सिन्हा ने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए ऐप को अब हिंदी और अंग्रेजी के साथ-साथ मगही, भोजपुरी, अंगीका और बज्जिका भाषाओं में भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सर्वाधिक किसान पंजीकरण सुनिश्चित करने वाले शीर्ष पांच जिलों, पांच प्रखंडों और पांच पंचायतों को सम्मानित किया जाएगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विभागीय कर्मियों को भी पुरस्कृत करने का निर्णय लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित