हरिद्वार , मई 21 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयुष विभाग ने व्यापक स्तर पर योग जनजागरण अभियान शुरू करने की तैयारी जोरों पर है। अभियान के तहत डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया और मोबाइल एप्लिकेशनों के माध्यम से योग को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक के निर्देशन में संचालित किया जाएगा।
गुरुवार को जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. स्वास्तिक सुरेश ने बताया कि योग दिवस केवल एक दिवस विशेष का आयोजन नहीं बल्कि स्वस्थ समाज निर्माण का एक सतत प्रयास है। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को योग से जोड़ते हुए स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक बनाना है।
कार्यक्रम के प्रभावी संचालन के लिए डॉ. भास्कर आनंद को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि डॉ. विकास दुबे और डॉ. अश्वनी कौशिक को सह नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही आयुष मिशन विशेषज्ञ एवं आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय को जिलास्तर पर विभिन्न गतिविधियों के समन्वय एवं प्रचार-प्रसार का दायित्व दिया गया है।
अभियान के अंतर्गत सभी आयुष चिकित्सालयों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों तथा स्वास्थ्य इकाइयों में कार्यरत कार्मिकों को "नमस्ते योग ऐप" एवं "योग ब्रेक ऐप" डाउनलोड कर आमजन को भी इससे जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त योगाभ्यास करते हुए फोटो एवं लघु वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर अधिक से अधिक लोगों तक योग का संदेश पहुंचाया जाएगा।
डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव और असंतुलित जीवनशैली के बीच योग शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य बनाए रखने का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। नियमित योगाभ्यास से रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
आयुष विभाग द्वारा आगामी दिनों में विद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर योग जागरूकता कार्यक्रम, सामूहिक योगाभ्यास और विशेष अभियान संचालित किए जाएंगे। विभाग ने नागरिकों से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित