सहारनपुर , फरवरी 5 -- सहारनपुर के प्रख्यात होम्योपैथिक चिकित्सक एवं समाजसेवी डा पीडी गर्ग को दिल्ली में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'अटल शिखर सम्मान' से सम्मानित किया।
भारत मंडप में हुए कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष बिजेंद्र गुप्ता, सांसद मनोज तिवारी सहित कई गणमान्य अतिथियों ने होम्योपैथी और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की। मुख्यमंत्री ने उन्हें स्मृति चिन्ह, रुद्राक्ष और अंगवस्त्र भेंट किया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि डा. गर्ग स्वास्थ्य जागरूकता और जरूरतमंदों को निःशुल्क चिकित्सा उपलब्ध कराने में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं तथा वे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सेवा भाव को आगे बढ़ा रहे हैं। पद्मश्री नलिनी कमलनी और भाजपा नेता श्याम जाजू समेत अन्य वक्ताओं ने भी उनके चयन की सराहना की।
दिल्ली में सम्मानित होने के बाद सहारनपुर में केएलजी पब्लिक स्कूल में आयोजित समारोह में भी डा. गर्ग और उनकी पत्नी राधा गर्ग को नगर विधायक राजीव गुंबर, मेयर डा. अजय सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों ने सम्मानित किया। कार्यक्रम में शहर के अनेक सामाजिक, शैक्षिक व राजनीतिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित