उदयपुर , जुलाई 06 -- भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उदयपुर जिला इकाई की ओर से सोमवार को श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए शहर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने कहा कि व्यक्ति जन्म से नहीं, बल्कि अपने कर्मों से महान बनता है और डॉ. मुखर्जी इसका सर्वोत्तम उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए समर्पित रहा। उनके विचार और आदर्श अब भी करोड़ों कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

श्री राठौड़ ने कहा कि "एक देश में दो प्रधान, दो विधान और दो निशान नहीं चलेंगे" का उनका उद्घोष भारत की एकता और अखंडता के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक था। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित करके उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यकर्ताओं ने एक-एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर प्रकोष्ठ संयोजक एवं पूर्व पार्षद मनोहर चौधरी ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्रीय एकता और अखंड भारत के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। उनका बलिदान प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित