अलवर , अप्रैल 05 -- राजस्थान के उप-मुख्यमंत्री डाॅ. प्रेमचंद बैरवा ने रविवार को खैरथल तिजारा जिले के ग्राम श्यामाका में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण करके माल्यार्पण किया।
इस अवसर पर आयोजित समारोह में डा बैरवा ने कहा कि यह आयोजन केवल प्रतिमा अनावरण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को बाबा साहब के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देने वाला है। उन्होंने कहा कि के तीन मूल मंत्र "शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो" अब भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं।
डा बैरवा ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक बच्चे को शिक्षित बनाना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सामाजिक एकता को मजबूत करने और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने का आह्वान करते हुए युवाओं से आग्रह किया कि वे सोशल मीडिया में समय व्यर्थ न करके अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें और समाज एवं देश के विकास में योगदान दें।
डाॅ. बैरवा ने महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाएं समाज और परिवार की आधारशिला हैं, इसलिए उन्हें शिक्षा और संस्कारों के प्रसार में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह दिन समाज के लिए गौरव और प्रेरणा का प्रतीक है और हमें केवल प्रतिमा स्थापित करने तक सीमित न रहकर बाबा साहब के विचारों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेना चाहिए।
इस दौरान ग्राम के विकास को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गईं। ग्राम श्यामाका में कार्यक्रम स्थल पर बनी धर्मशाला में शौचालय, बाथरूम, चार दीवारी एवं सीसी सड़क निर्माण के लिए करीब 35 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की गई। साथ ही सांसद कोटे से 15 लाख रुपये की लागत से पुस्तकालय निर्माण की घोषणा भी की गई।
इससे पहले गांव के प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विपक्ष के नेता टीकाराम जूली, अति विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व विधायक किशनगढ़ बास रामहेत यादव, सरस डेयरी अध्यक्ष नितिन संगवान सहित सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित