भरतपुर , जुलाई 24 -- राजस्थान के भरतपुर में शुक्रवार से प्रारंभ हो रहे विश्वप्रसिद्ध गुरु पूर्णिमा के लक्खी मेले की तैयारियों को लेकर गुरुवार देर रात भरतपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) डॉ. प्रीति चंद्रा ने डीग के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पूंछरी का लौठा में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर डीग के पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ भी उनके साथ मौजूद रहे। इस दौरान डॉ. चंद्रा ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की भी समीक्षा की। उन्हें जहां भी व्यवस्थाओं में कमी मिली उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश भी दिए।
डा चंद्रा ने कहा कि मेले के दौरान जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सजग है। गुरु पूर्णिमा मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पुलिस एवं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की लापरवाही या कमी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इससे पहले डॉ. चंद्रा और पुलिस अधीक्षक गोपीनाथ ने श्रीनाथजी मंदिर पहुंचे जहां उन्होंने राज्य और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना करते दर्शन कर पूजन अर्चना भी की। श्री गोपीनाथ ने बताया कि मेले के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए विशेष योजना लागू की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित