ब्रुसेल्स , सितंबर 06 -- रुमेश थरंगा पथिरागे ने डायमंड लीग फाइनल 2026 में पुरुषों का जैवलिन थ्रो स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर एक शानदार सीजन का समापन किया और यह खिताब जीतने वाले पहले श्रीलंकाई खिलाड़ी बन गए। 23 वर्षीय खिलाड़ी ने किंग बॉडौइन स्टेडियम में शनिवार को खेले गये मुकाबले में तीसरे राउंड में 89.04 मीटर का अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया और पोलैंड के डेविड वेग्नर से आगे रहे, जिन्होंने 87.47 मीटर का अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

त्रिनिदाद और टोबैगो के पूर्व ओलंपिक चैंपियन केशोरन वालकॉट ने सीजन के अपने सर्वश्रेष्ठ 83.99 मीटर के थ्रो के साथ पोडियम पर जगह बनाई, जबकि ग्रेनाडा के दो बार के विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स 83.70 मीटर के साथ चौथे स्थान पर रहे।

रुमेश थरंगा की शुरुआत उनके ऊंचे मानकों के हिसाब से धीमी रही। उन्होंने 80.42 मीटर से शुरुआत की और फिर दूसरे प्रयास में 79.73 मीटर का थ्रो किया। वहीं, वालकॉट ने शुरुआती राउंड में 83.99 मीटर के थ्रो के साथ शुरुआती बढ़त बनाई, लेकिन तीसरे राउंड में वेग्नर ने 87.47 मीटर के शानदार व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।

रुमेश ने उसी राउंड में बाद में 89.04 मीटर का थ्रो करके जवाब दिया और प्रतियोगिता पर अपनी पकड़ बना ली। यह थ्रो अंततः ख़िताब जीतने के लिए काफी साबित हुआ।

श्रीलंकाई खिलाड़ी ने इसके बाद 85.96 मीटर और 85.76 मीटर के थ्रो किए, जबकि उनका अंतिम प्रयास फाउल हो गया। हालांकि, वेग्नर अपने तीसरे राउंड के स्कोर में सुधार नहीं कर सके, जिससे थरंगा ने 1.57 मीटर के अंतर से जीत हासिल की।

रुमेश ने कहा, "मैं सचमुच बहुत खुश हूं। श्रीलंका जैसे छोटे देश से आकर, इस तरह की बड़ी प्रतियोगिता जीतना बहुत बड़ी बात है। सच कहूं तो, आज मैं कोई बहुत बड़ा थ्रो नहीं कर पाया क्योंकि मौसम की स्थिति काफी मुश्किल थी - बहुत ठंड थी... इसलिए मैं ज़्यादा दूरी तक थ्रो नहीं कर सका।"पीटर्स के पांचवें प्रयास में 83.70 मीटर तक सुधार करने के बावजूद वालकॉट तीसरे स्थान पर बने रहे। पोडियम पर आखिरी जगह के लिए कैरिबियन के दो स्टार खिलाड़ियों के बीच केवल 29 सेंटीमीटर का फ़र्क रहा। केन्या के पूर्व वर्ल्ड चैंपियन जूलियस येगो 76.79 मीटर के थ्रो के साथ पांचवें स्थान पर रहे, उनके बाद बेल्जियम के टिमोथी हरमन (71.79 मीटर) और अमेरिका के कर्टिस थॉम्पसन (69.52 मीटर) रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित