टिहरी , अगस्त, 01 -- उत्तराखंड में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), नई टिहरी की कार्यक्रम परामर्शी समिति की बैठक शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2025-26 के दौरान संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा की गई तथा वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना के अंतर्गत प्रस्तावित गतिविधियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2025-26 के दौरान समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत आधारभूत साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) कार्यक्रम में 1,161 शिक्षकों, कौशलम प्रशिक्षण में 912 शिक्षकों, आंगनबाड़ी प्रशिक्षण में 212 कार्यकर्त्रियों, आनंदम कार्यक्रम में 247 शिक्षकों, अबेकस प्रशिक्षण में 82 शिक्षकों तथा स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के 150 सदस्यों को प्रशिक्षित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने निर्देश दिए कि शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी, व्यावहारिक और परिणामोन्मुख बनाया जाए। उन्होंने कहा कि जनपद में आयोजित होने वाले सभी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना समय से उपलब्ध कराई जाए, ताकि वरिष्ठ अधिकारी भी प्रशिक्षण की गुणवत्ता का अवलोकन कर सकें।
उन्होंने निर्देशित किया कि जिन विद्यालयों का परीक्षा परिणाम अपेक्षाकृत कमजोर रहा है, वहां के शिक्षकों को प्राथमिकता के आधार पर प्रशिक्षण में शामिल किया जाए, जिससे प्रशिक्षण का सीधा लाभ विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों में दिखाई दे। साथ ही डायट अधिकारियों से विगत वर्ष प्रशिक्षण प्राप्त शिक्षकों की सूची उपलब्ध कराने तथा प्रशिक्षण के विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता और परीक्षा परिणामों पर पड़े प्रभाव का विस्तृत मूल्यांकन प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रमों की निगरानी व्यवस्था, मूल्यांकन प्रणाली और प्राप्त उपलब्धियों का भी समग्र विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित