भीलवाड़ा , मई 10 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 148 डी पर शनिवार को देर रात डंपर और ट्रेलर के बीच टक्कर से दोनों वाहन जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजमार्ग पर अचानक आए आवारा पशु को बचाने के प्रयास में यह हादसा हुआ। टक्कर होते ही दोनों वाहनों में आग लग गई। हालांकि इस घटना में दोनों चालक बाल-बाल बच गए।

घटना की सूचना मिलते ही जहाजपुर नगरपालिका की दमकल मौके पर पहुंची। जहाजपुर पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि हादसे के बाद कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारू करवाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित