अलवर , अक्टूबर 15 -- राजस्थान में अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बुधवार रात पत्थरों से भरे डम्पर के पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
मृतक की पहचान महाराष्ट्र के नासिक जिले के निवासी दत्तू रमेश चौहान (35) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दत्तू रमेश चौहान नासिक से एक प्याज व्यापारी के साथ कार से पंजाब जा रहा था। इसी दौरान एक्सप्रेस-वे पर सड़क किनारे कार खड़ी की। उस समय दत्तू कार से बाहर खड़ा था, तभी पत्थरों से भरा डम्पर अनियंत्रित होकर उस पर पलट गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव रैणी अस्पताल भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित