अलवर , जुलाई 31 -- राजस्थान में अलवर जिले के बड़ाैदामेव थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार तड़के आयशर ट्रक और डम्पर की भिड़ंत में भाई बहन सहित तीन लोगों की मौत हो गयी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि हादसा एक्सप्रेस-वे के चैनल नंबर 86/100 पर बुर्जा गांव के पास हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बड़ौदामेव ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान आंसू सिंह (20), सलोनी सिंह (18) और विकास कुमार (31) के रूप में हुई है। तीनों मूल रूप से जयपुर जिले के टीगरिया गांव के निवासी थे और वर्तमान में सांगानेर क्षेत्र में रह रहे थे। वाहन चालक विकास कुमार उत्तर प्रदेश के नगला साकित का रहने वाला था।

सलोनी सिंह फरीदाबाद में होटल प्रबंधन का कोर्स कर रही थी। उसका भाई आंसू सिंह उसे फरीदाबाद छोड़ने के लिए जा रहा था। रास्ते में बुर्जा गांव के पास एक्सप्रेस-वे पर आगे चल रहे मिट्टी से भरे डंपर के पीछे उनकी आइसर ट्रक तेज रफ्तार में जा भिड़ी। इससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गयी।

हादसे के बाद एनएचएआई की एम्बुलेंस के जरिए तीनों के शव सीएचसी बड़ौदामेव पहुंचाये गये। पूर्वाह्न करीब 10 बजे परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया और शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिये गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित