मुम्बई , अक्टूबर 20 -- कोच्चि में 28 अक्टूबर से शुरु होने वाली महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2027 की मिनी नीलामी में 27 उपलब्ध स्लॉट के लिए कुल 146 खिलाड़ी दावेदारी पेश करेंगे। इनमें इंग्लैंड की बल्लेबाज सोफिया डंकली और ऑस्ट्रेलिया की कप्तान सोफी मोलिन्यू ने अपना बेस प्राइज अधिकतम 50 लाख रुपये रखा है।
नीलामी में शामिल भारतीय खिलाड़ियों की संख्या 119 है। इनमें 22 कैप्ड और 97 अनकैप्ड खिलाड़ी हैं। भारतीय खिलाड़ियों के लिए 20 स्लॉट उपलब्ध हैं। विदेशी खिलाड़ियों के पूल में 27 नाम हैं, जिनमें 14 कैप्ड और 13 अनकैप्ड खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें एसोसिएट टीमों के छह खिलाड़ी भी हैं। विदेशी खिलाड़ियों के लिए सात स्लॉट उपलब्ध हैं।
जी कमलिनी (मुंबई इंडियंस से रिलीज किया), किरण नवगिरे (यूपी वॉरियर्ज से रिलीज), हेदर ग्राहम और जेस जॉनासन ने दूसरा सबसे अधिक बेस प्राइज 40 लाख रुपये रखा है। वहीं, कुल 30 खिलाड़ियों ने 30 लाख रुपये की बेस प्राइज पर रजिस्ट्रेशन कराया है। नीलामी में हिस्सा नहीं लेने वाले प्रमुख खिलाड़ियों में वेस्टइंडीज की ऑलराउंडर डिएंड्रा डॉटिन शामिल हैं, जिन्हें यूपी वॉरियर्ज़ ने रिलीज किया था। ऑस्ट्रेलिया की लेग स्पिनर अलाना किंग को दिल्ली कैपिटल्स ने रिलीज किया था। लिजेल ली ने भी फ्रैंचाइजी से रिलीज होने के बाद नीलामी के लिए अपना नाम दर्ज नहीं कराया है।
इंग्लैंड की मात्र दो खिलाड़ियों डंकली और किरा चैथली ने नीलामी के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। डैनी वायट हॉज, एलिस कैप्सी, डैनी गिब्सन, लॉरेन फ़ाइलर और लिंसी स्मिथ समेत कई अन्य खिलाड़ियों अगले साल होने वाले डब्ल्यूपीएल में हिस्सा नहीं लेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित