सिरसा , मई 07 -- हरियाणा के सिरसा में गुरुवार को नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डबवाली पुलिस ने एक मादक पदार्थ तस्कर को 521 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया।पुलिस उपायुक्त (डीएसपी) डबवाली योगेश कटारिया ने जानकारी दी। अपराध जांच एजेंसी स्टॉफ डबवाली ने हेरोइन की बड़ी खेप जब्त करते हुए मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े नेटवर्क पर प्रहार किया है । मंडी डबवाली क्षेत्र से आरोपी गगनदीप को काबू करते हुए 521 ग्राम हेरोइन बरामद की है। मादक पदार्थ की बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी गयी है ।

डीएसपी ने बताया कि परसों प्रभारी सीआईए स्टाफ डबवाली उप निरीक्षक राजपाल की एक टीम सहायक उपनिरीक्षक पालाराम, मुख्य सिपाही रोहताश, मुख्य सिपाही भरत सिंह, सिपाही विनोद व सिपाही विक्रम ने एक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गोल चौक मंडी डबवाली से एक व्यक्ति को काबू किया, जिसके पास एक बैग मिला। जिसकी तलाशी लेने पर उसमें से 521 ग्राम हेरोइन बरामद हुई । बरामद हेरोइन को कब्जा पुलिस में लेकर आरोपी गगनदीप के खिलाफ थाना शहर डबवाली में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है ।

उन्होंने बताया कि जब आरोपी का आपराधिक रिकार्ड खंगाला गया, तो पाया गया कि आरोपी के खिलाफ नशा तस्करी के नौ मामले पहले ही विभिन्न थानों में दर्ज हैं । जिनमें से सात मामले थाना शहर डबवाली, एक मामला रामा मंडी, जिला बठिंडा और एक अन्य मामला नाईयांवाली जिला बठिंडा में दर्ज है ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित