जयपुर , अगस्त 17 -- राजस्थान में आगामी निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कमर कस ली है और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दावा किया है कि डबल इंजन के बाद अब राज्य में ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी।
श्री शर्मा ने आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को आयोजित बैठक में यह दावा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान प्रदेश में व्याप्त कुशासन और भ्रष्टाचार के स्थान पर भाजपा सरकार ने सुशासन और लोककल्याण की सरकार स्थापित की है। निकाय चुनाव में भाजपा सरकार के इन्हीं कार्यों और उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अपने ढाई वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश को विकास की नई दिशा देने का काम किया है। सरकार की उपलब्धियां केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि योजनाओं और परियोजनाओं को धरातल पर उतारने का काम तेजी से हुआ है। युवाओं को रोजगार, किसानों का कल्याण, महिलाओं का सशक्तिकरण, जल उपलब्धता, निवेश और आधारभूत ढांचे के विकास को सरकार ने अपनी प्राथमिकताओं में रखा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने एक लाख 89 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां देने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। राजस्थान की जल आवश्यकताओं को देखते हुए यमुना जल समझौता और राम जल सेतु जैसे ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। राजस्थान की प्यासी धरती तक पानी पहुंचाने के लिए किए जा रहे ये प्रयास आने वाले समय में प्रदेश के लिए मील का पत्थर साबित होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित