उत्तरकाशी , अगस्त, 09 -- उत्तराखंड उत्तरकाशी के ब्रह्मखाल क्षेत्र में रविवार को शिवगुफा के समीप डंपर और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में दो लोग घायल हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे घायल का अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, रविवार 9 अगस्त को 112 के माध्यम से सूचना मिली कि ब्रह्मखाल स्थित शिवगुफा के पास बाइक और डंपर की टक्कर हो गई है। सूचना मिलते ही गेवला (ब्रह्मखाल) चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायलों को अपने निजी वाहन से सरकारी अस्पताल ब्रह्मखाल पहुंचाया।
हादसे में बबलू (32) पुत्र हीरालाल, निवासी 91 खिचड़ीपुर, कल्याणपुरी ब्लॉक-3, नई दिल्ली गंभीर रूप से घायल हो गया था। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं संदीप (30) पुत्र गोविंद सिंह, निवासी खिचड़ीपुर, कल्याणपुरी ब्लॉक-3, नई दिल्ली और मूल निवासी ग्राम कोलायटी, जिला चंपावत, उत्तराखंड के हाथ-पैर में चोटें आई हैं। उसका उपचार अस्पताल में चल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित