भिण्ड , जून 07 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के लहार अनुभाग अंतर्गत दबोह थाना क्षेत्र में आज एक तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मृत्यु हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने डंपर में आग लगा दी, जिससे वाहन पूरी तरह जल गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कोंच मार्ग पर अमाहा गांव के पास डंपर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार उत्तरप्रदेश के जालौन जिले के कैलिया थाना क्षेत्र के सलैया गांव निवासी हिम्मत रजक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूत्रों ने बताया कि मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे दिनेश रजक (40) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए लहार के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दुर्घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। घटना से नाराज लोगों ने डंपर में आग लगा दी। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए दबोह, आलमपुर, असवार और रावतपुरा थाना क्षेत्रों का पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित