भिण्ड , जून 26 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र में डंपर की टक्कर से एक बाइक सवार युवक की मृत्यु हो गई। दुर्घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-719 पर जाम लगा दिया, जिसे बाद में पुलिस ने हटाकर यातायात बहाल कराया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मेहगांव निवासी संतोष बघेल बुधवार दोपहर बाइक से दंदरौआ रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन, समाजजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। डंपर चालक की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर लोगों ने गोरमी चौराहे पर नेशनल हाईवे-719 पर जाम लगा दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हो गया।
पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और आरोपी चालक के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस के अनुसार प्रदर्शनकारी जाम हटाने के लिए तैयार नहीं हुए, जिसके बाद यातायात बहाल कराने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित