मुरैना , अप्रैल 16 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी, जिससे एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम सिकरौदा निवासी गोलू जाटव अपनी मां मीरा जाटव (40) तथा परिजन भोला और प्रीति जाटव को मोटरसाइकिल से मुरैना ला रहा था। आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित अंबाह बायपास के पास वे सड़क किनारे बाइक खड़ी कर बातचीत कर रहे थे।
इसी दौरान राजस्थान के धौलपुर की ओर से आ रहे गिट्टी से भरे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मीरा जाटव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भोला और प्रीति जाटव गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए मुरैना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित