अलवर , जुलाई 19 -- राजस्थान में अलवर जिले के राजगढ़-टहला सड़क मार्ग पर रविवार को एक डम्पर ने दो मोटर साइकिलों को टक्कर मार दी, जिसके कारण एक युवक की मौत हो गयी जबकि चार अन्य लोग घायल हो गये।

हादसे की सूचना मिलते ही राजगढ़ के पुलिस उपायुक्त (डीएसपी) देशराज कुलदीप और थानाधिकारी नेकीराम पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस के जरिए राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जबकि मृतक का शव अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया।

पुलिस के अनुसार घायलों की पहचान राजेश और मुकेश और दूसरी मोटर साइकिल पर सवार थानसिंह राजपूत और भूपेंद्र सिंह राजपूत के रूप में हुई है। वहीं मृतक दिनेश बताया गया है।

घायल भूपेंद्र सिंह ने बताया कि वे टहला क्षेत्र में टाइल लगाने का काम करके दोपहर में अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान श्रीचन्दपुरा चेकपोस्ट के पास एक डंपर चालक ने दूसरे डंपर को ओवरटेक करने के प्रयास में पीछे से उनकी और एक अन्य मोटर साइकिल को टक्कर मार दी।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों घायलों को गंभीर हालत में अलवर भेज दिया। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित