खैरागढ़ , अक्टूबर 25 -- छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के ठेलकाडीह क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चार स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान तीन संस्थान संचालन से संबंधित वैध दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं कर सके, जबकि एक पैथोलॉजी सेंटर ने वैध प्रमाण-पत्र प्रस्तुत किए।

जिला चिकित्सा विभाग से आज मिली जानकारी के अनुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शुक्ला के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में संजीवनी क्लीनिक, छत्तीसगढ़ पैथोलॉजी, नागेश्वर वर्मा द्वारा संचालित क्लीनिक और एसेस हॉस्पिटल की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान डॉ. राधेश्याम देवांगन द्वारा संचालित संजीवनी क्लीनिक, नागेश्वर वर्मा के क्लीनिक और एसेस हॉस्पिटल के संचालक आवश्यक वैध दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं कर सके। वहीं, छत्तीसगढ़ पैथोलॉजी की। ओर से वैध प्रमाण-पत्र प्रस्तुत किए गए।

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के समय दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाना अवैध संचालन का अंतिम प्रमाण नहीं है। संबंधित संचालकों को अपने अभिलेखों का सत्यापन कराने का अवसर दिया गया है। विभाग ने आवश्यक दस्तावेज रखने वाले संस्थानों को एनएचए कार्यालय में अभिलेख जमा करने और नियमानुसार ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

विभाग ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय-सीमा में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने अथवा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण दल में डॉ. पंकज वैष्णव, डॉ. मोहम्मद असलम और डॉ. एच.एस. साहू शामिल थे।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि मरीजों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। जिले में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों, अस्पतालों और पैथोलॉजी सेंटरों की जांच के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित