हरिद्वार/रुड़की , अगस्त 23 -- उत्तराखंड में ठेके कारोबारी अमन की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देर रात वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।आरोपियों की तलाश में गठित पुलिस टीमों ने शनिवार देर रात नगला इमरती के पास मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया, जबकि मौके से फरार हुए उसके दो साथियों को भी बाद में दबोच लिया गया।

पुलिस के अनुसार, देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि अमन हत्याकांड में शामिल आरोपी बाइक से क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने बाइक सवार तीन युवकों का पीछा किया। नगला इमरती के पास पुलिस ने उन्हें घेरकर पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में सौरभ पुत्र देशराज निवासी ढंडेरा घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान घायल आरोपी ने स्वीकार किया कि ठेके कारोबारी अमन की हत्या तीनों आरोपियों ने मिलकर की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित