गयाजी , मई 13 -- गयाजी जिले के चाकंद थाना क्षेत्र में पीर बीघा गांव में ठेकेदार से अपनी मजदूरी के पैसे मांगने गए दो भाइयों के साथ हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल एक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे भाई का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

मृतक की पहचान पीर बीघा निवासी करीब 30 वर्षीय इरफान के रूप में हुई है.मृतक के चचेरे भाई महबूब शाह ने बताया कि इरफान का छोटा भाई रिजवान पेंटर का काम करता है। गांव के ही मुन्ना नामक व्यक्ति ठेकेदारी का काम करता था, जिसके यहां रिजवान ने मजदूरी की थी । रिजवान अपने बकाया पैसे मांगने के लिए बड़े भाई इरफान के साथ मुन्ना के घर पहुंचा था, इसी दौरान पैसे के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई । देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया और मारपीट की नौबत आ गई।

परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान मुन्ना के घर की छत से ईंट फेंकी गई, जो इरफान और रिजवान को लगी और दोनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े ।

घटना के बाद आनन-फानन में दोनों भाइयों को गया के जयप्रकाश नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ इलाज के दौरान इरफान ने दम तोड़ दिया ।

घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया है । चाकंद थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित