देहरादून , मई 21 -- उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) के एक अवर अभियन्ता (जेई ) को राज्य सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने एक ठेकेदार से बिल भुगतान के एवज में 50 हजार रुपए रिश्वत लेते गुरुवार को गिरफ्तार किया।
निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरुगेशन ने बताया कि शिकायतकर्ता ने टोल फ्री नम्बर-1064 पर शिकायत की थी कि वह सरकारी विभाग में टेंडर का काम करते हैं। उनके द्वारा पशुलोक बैराज ऋषिकेश में टेंडर डाला गया था। उक्त कार्य के बदले में यूजीवीएनएल के जेई फैसल खान द्वारा भुगतान के बदले अवैध रिश्वत की मांग की जा रही थी। आरोप प्रथम दृष्टया सही पाये जाने पर थाना सतर्कता, देहरादून में मामला दर्ज कर ट्रैप टीम गठित की गई। जिसने आरोपी फैसल खान पुत्र लियाकत हुसैन निवासी कटोरतल, थाना काशीपुर, उधमसिंह नगर को शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित