अलवर , मई 06 -- राजस्थान में कोटपुतली बहरोड जिले के बानसूर कस्बे में रविवार को रात में निर्माणाधीन उप जिला अस्पताल में हुए रविवार की रात को एसी ठेकेदार की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ठेकेदार रामसिंह की हत्या उसके साथ काम करने वाले युवक ने ही षडयंत्र रचकर अपने साथियों को बुलाकर करवाई थी। पुलिस ने ठेकेदार के साथ काम करने वाले सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद किये हैं।
पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि ठेकेदार के साथ काम करने वाले फैजान निवासी रामगढ़ ने अपने साथियों को दिल्ली से बुलाकर ठेकेदार की हत्या करवाई थी। उन्होंने बताया कि निर्माणधीन उप जिला अस्पताल में एसी के सामान की चोरी करने की नीयत से आरोपी लोडिंग वाहन में सवार होकर आये थे। इस दौरान मृतक ठेकेदार के भतीजा पदम सिंह ऊपर चौथी मंजिल पर सो रहा था और फैजान रामसिंह के करीब 20 मीटर दूर सो रहा था। चोरी करने के दौरान ठेकेदार रामसिंह राजपूत की नींद खुल गयी और इसका विरोध किया तो उसकी धारदार हथियार से हत्या कर दी और करीब दो लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गये।
पुलिस ने बताया कि रामसिंह के साथ काम करने वाले फैजल की कुछ दिन बाद शादी है और उसको पैसे की जरूरत थी। इसको लेकर उसने अपने साथियों को उप जिला अस्पताल में चोरी करने के लिए बुलाया था। इस दौरान उसके चार साथी लोडिंग वाहन लेकर आये थे और जब स्टोर का ताला तोड़ा तो रामसिंह की नींद खुल गई और ठेकदार विरोध करने लगा तो उसकी चाकू और छुरे से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों से हथियार बरामद किये हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान फैजान, मोहम्मद बिलाल, मोहम्मद सोहेल, हिमांशु सायमान के रूप में हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित