ठाणे , अक्टूबर 15 -- महाराष्ट्र के ठाणे में एआईएमआईएम पार्षद सहर शेख के पिता यूनुस शेख को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना से जुड़ी कलवा-मुंब्रा केबल सेना का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

नियुक्ति पत्र में कहा गया है कि यह फैसला श्री शिंदे के आदेश एवं आशीर्वाद से लिया गया है। हालांकि, श्री शेख ने शिवसेना में शामिल होने की बात से इनकार किया है। उनका कहना है कि वह कई वर्षों से केबल और इंटरनेट सेवा के कारोबार से जुड़े हुए हैं और इसी कारण उन्हें यह पद दिया गया है।

यह घटनाक्रम ठाणे नगर निगम के वार्ड 30 से जीत दर्ज करने के बाद सुश्री सहर शेख के विजय भाषण को लेकर हुए विवाद के बीच सामने आया है।

उनके बयानों में "कैसा हराया" और मुंब्रा को 'हरा' बनाने की बात शामिल थी जो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। इन बयानों के लिए महायुति गठबंधन के नेताओं ने उनकी आलोचना की थी जिनमें शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना भी शामिल थी।

यूनुस शेख इससे पहले राकांपा नेता जितेंद्र आव्हाड से जुड़े हुए थे। नगर निकाय चुनावों के दौरान उन्होंने कथित रूप से शरद पवार के नेतृत्व वाले राकांपा गुट से अपनी बेटी के लिए टिकट मांगा था लेकिन जब उन्हें टिकट नहीं मिला, तो सुश्री सहर शेख ने एआईएमआईएम के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की।

अपनी जीत के बाद, सुश्री सहर शेख और उनके पिता ने एक जनसभा में श्री आव्हाड की आलोचना की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित