मुंबई , सितंबर 29 -- शिव सेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने आगामी चार अक्टूबर को यहां चुनाव आयोग के खिलाफ संयुक्त विरोध मार्च निकालने का ऐलान किया है।

शिवतीर्थ पर आयोजित एक संयुक्त पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए राज ठाकरे ने मंगलवार को बताया कि यह मार्च 4 अक्टूबर को सुबह 11:00 रिचर्डसन एंड क्रुडास से शुरू होगा और बृहन्मुंबई नगर निगम मुख्यालय के पास स्थित एक मंच पर जनसभा के रूप में समाप्त होगा। उन्होंने बताया कि इस विरोध मार्च में शिव सेना (यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे और संजय राउत के साथ मनसे नेता बाला नांदगांवकर भी हिस्सा लेंगे।

श्री राज ठाकरे ने कहा कि इस मार्च में उठाए जाने वाले प्रमुख मुद्दों को चार अक्टूबर के कार्यक्रम के दौरान विस्तार से बताया जाएगा। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से जुड़े विवाद पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने 2017-18 में भी इस मुद्दे पर कई राजनीतिक नेताओं से मुलाकात की थी और वे इस रैली में इस विषय पर विस्तार से बात करेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सत्ताधारी गठबंधन के नेताओं सहित राजनीति के सभी धड़ों के दलों व नेताओं को इस मार्च में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह जुलूस किसी एक राजनीतिक दल के झंडे के तले नहीं निकाला जाएगा, बल्कि प्रतिभागी केवल राष्ट्रध्वज (तिरंगा) लेकर चलेंगे, क्योंकि यह मुद्दा संविधान की रक्षा से जुड़ा हुआ है।

यह घोषणा मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्ष के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के बीच आई है। आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों को लेकर विपक्षी दलों के बीच प्रतिद्वंद्विता से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए श्री राज ठाकरे ने कहा कि इसे किसी प्रतिस्पर्धा के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुद्दा एक ही है और हर कोई अपने-अपने तरीके से इसे उठा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित