रूद्रपुर , अक्टूबर 03 -- उत्तराखंड की ऊधमसिंह नगर जिले की सितारगंज पुलिस ने बाँसुरी म्युचुअल बेनिफिट इंडिया निधि लिमिटेड के नाम पर आरडी-एफडी के नाम पर ठगी के आरोपी कलेक्शन एजेंट को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इसी साल 07 जनवरी को मझरा सिसौना निवासी रविता राणा ने कोतवाली सितारगंज में तहरीर देकर आरोप लगाया कि बाँसुरी म्युचुअल बेनिफिट इंडिया निधि लिमिटेड के कलेक्शन एजेंट राजेन्द्र प्रसाद ने कंपनी के नाम पर लोगों के आरडी/एफडी आदि खाते खुलवाकर नियमित रूप से रकम जमा कराई, लेकिन निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद खाताधारकों को धनराशि वापस नहीं की गई।

इस पर पुलिस ने धारा 316(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जांच में पीड़ितों और गवाहों के बयान दर्ज करने के साथ ही साक्ष्य जुटाए गए। जांच में पता चला कि आरोपी खुद को कंपनी का एजेंट बताकर लोगों को खाते खुलवाने के लिए प्रेरित करता था और खाताधारकों से प्रतिदिन 50 या 100 रुपये अथवा निर्धारित किस्त के रूप में नकद रकम लेकर खाता पुस्तिका में प्रविष्टि कर अपने हस्ताक्षर करता था। खाताधारकों को करीब एक वर्ष की अवधि पूरी होने पर मैच्योरिटी राशि मिलने का भरोसा दिया गया था।

जांच में पता चला कि आरोपी वर्ष 2023 लगभग 15-20 लाख रुपये की धनराशि जमा कर चुका था और यह राशि अजय गंगवार और राजकुमार गंगवार को ददे दी थी। आरोपी के अनुसार अजय गंगवार के कहने पर उसने अपने बैंक खाते से ऑनलाइन रकम भी ट्रांसफर की। अवधि पूरी होने पर भुगतान न होने के बाद उसने सितारगंज क्षेत्र में कलेक्शन का काम बंद कर दिया था।

इसके बाद आरोपी फरार हो गया था। शुक्रवार को पुलिस को पता चला कि आरोपी सितारगंज मंडी में है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रात को गिरफ्तार उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ और अब तक की विवेचना में अजय गंगवार, राजकुमार गंगवार और गीता देवी की भूमिका सामने आई है। आरोपी के अनुसार अजय गंगवार कंपनी के चेयरमैन, राजकुमार गंगवार मैनेजिंग डायरेक्टर और गीता देवी डायरेक्टर हैं। मुकदमे में बीएनएस की धारा 61(2) और 3(5) की बढ़ोतरी की गई है। इन लोगों की भूमिका की जांच की जा जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित