जांजगीर-चांपा , मई 26 -- छत्तीसगढ़ में जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में पैसा दोगुना करने और जमीन-शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 18 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी विरेन्द्र कुमार दिवाकर (38) निवासी कटौद थाना नवागढ़, हाल मुकाम पामगढ़, इलेक्ट्रॉनिक दुकान संचालित करता है। उसने ग्राम चेउडीह निवासी कार्तिकेश्वर रात्रे को जमीन खरीदी-बिक्री में पार्टनरशिप तथा शेयर मार्केट में निवेश कर रकम दोगुनी होने का लालच दिया।

प्रार्थी ने आरोपी के झांसे में आकर फरवरी 2025 से अप्रैल 2025 के बीच ऑनलाइन और नगद माध्यम से कुल 18 लाख रुपये दे दिए। रकम की व्यवस्था करने के लिए प्रार्थी ने खेत गिरवी रखा और परिचितों से भी पैसे उधार लिए थे।

आरोपी लगातार जमीन दिखाने और शेयर मार्केट में पैसा फंसे होने का बहाना बनाता रहा। न तो निवेश का लाभ मिला और न ही रकम वापस की गई। शिकायत मिलने पर 20 मई 2026 को थाना पामगढ़ में आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सावन कुमार सारथी और पुलिस टीम ने एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी को पामगढ़ से गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पैसा दोगुना करने या फर्जी निवेश योजनाओं के झांसे में न आएं तथा किसी भी निवेश से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित