भोपाल , मई 17 -- भोपाल में रिटायर्ड जज की बहू ट्विशा शर्मा की आत्महत्या के मामले में आज रविवार को उसके परिजन मुख्यमंत्री निवास पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की।

ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा, मां रेखा शर्मा, भाई मेजर हर्षित शर्मा सहित अन्य परिजन दोपहर में मुख्यमंत्री निवास पहुंचे और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिलने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान परिजन 'जस्टिस फॉर ट्विशा' के पोस्टर लेकर नारेबाजी करते रहे।

बाद में ट्विशा के पिता और भाई को मुख्यमंत्री सचिवालय के अधिकारियों से चर्चा के लिए अंदर बुलाया गया। अधिकारियों से मुलाकात के बाद नवनिधि शर्मा ने कहा कि अधिकारियों ने मामले की जांच के लिए मध्यप्रदेश के बाहर की एजेंसी की आवश्यकता और शव के दोबारा पोस्टमार्टम की जरूरत को स्वीकार किया है।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने न्यायपालिका के स्वतंत्र होने का हवाला देते हुए हस्तक्षेप में असमर्थता जताई, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। नवनिधि शर्मा ने कहा कि आरोपी न्यायिक व्यवस्था से जुड़े होने के कारण यह मामला अत्यंत संवेदनशील है और परिवार दिल्ली एम्स में दोबारा पोस्टमार्टम होने तक अंतिम संस्कार नहीं करेगा।

उल्लेखनीय है कि 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स क्षेत्र में 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मायके पक्ष ने उसकी सास, रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह और पति समर्थ सिंह पर दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह को अग्रिम जमानत मिल चुकी है, जबकि समर्थ सिंह की जमानत अर्जी पर कल सुनवाई प्रस्तावित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित