भोपाल , मई 29 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मृत्यु प्रकरण में गिरफ्तार सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरिबाला सिंह को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने आज शुक्रवार को विशेष अदालत में पेश किया। सीबीआई ने मामले में पांच दिन की रिमांड मांगी है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार सीबीआई ने गिरिबाला सिंह को गुरुवार को लगभग सात घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था। उन पर साक्ष्यों से छेड़छाड़ करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद आज उन्हें भोपाल स्थित विशेष अदालत में पेश किया गया।
सीबीआई ने इस मामले में 25 मई की रात औपचारिक प्राथमिकी दर्ज की थी। इसके बाद 26 मई को जांच दल पहली बार बाग मुगलिया एक्सटेंशन स्थित गिरिबाला सिंह के निवास पर पहुंचा था, जहां अधिकारियों ने करीब दो घंटे तक पूछताछ की थी। जांच दल ने ट्विशा शर्मा की मृत्यु वाली रात घर में मौजूद लोगों की गतिविधियों और घटना के बाद की गई कार्रवाई के संबंध में जानकारी एकत्र की।
सूत्रों के अनुसार ट्विशा के पति समर्थ सिंह को सीबीआई पहले ही रिमांड पर ले चुकी है। अब दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ किए जाने की संभावना है।
जांच एजेंसी मामले में टनल व्यू इन्वेस्टिगेशन तकनीक का उपयोग कर रही है। इसके तहत ट्विशा शर्मा के अंतिम घंटों का वर्चुअल रीक्रिएशन तैयार किया जा रहा है, ताकि घटना से पहले और बाद की गतिविधियों को क्रमवार समझा जा सके।
सीबीआई ने 28 मई को पुनः गिरिबाला सिंह के निवास पर पहुंचकर सात घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी। जांच एजेंसी अब कॉल डिटेल रिकॉर्ड, टावर लोकेशन और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि घटना की रात किन लोगों से संपर्क किया गया और मृत्यु के बाद घटनास्थल पर क्या बदलाव किए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित