भोपाल , मई 28 -- अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मृत्यु मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने जांच तेज करते हुए आज रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह से उनके कटारा हिल्स स्थित निवास पर कई घंटों तक पूछताछ की। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा अग्रिम जमानत निरस्त किए जाने के बाद उनकी गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
सीबीआई की टीम सुबह लगभग साढ़े दस बजे गिरिबाला सिंह के घर पहुंची। अधिकारियों ने घर के एक कमरे में उनसे पूछताछ की। जांच के दौरान एजेंसी ने हाई इंटेंसिटी त्रिआयामी कैमरे की मदद से पूरे घर और आसपास के क्षेत्र की 360 डिग्री रिकॉर्डिंग की। वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र करने के उद्देश्य से यह भी जांचा गया कि घटनास्थल आसपास की किसी छत या बालकनी से दिखाई देता था या नहीं।
वही उच्च न्यायालय ने बुधवार देर रात जारी अपने आदेश में कहा कि मामले की गंभीरता, उपलब्ध साक्ष्य और जांच की स्थिति को देखते हुए आरोपी पक्ष को राहत देना उचित नहीं था। न्यायालय ने कहा कि निचली अदालत ने केस डायरी और उपलब्ध साक्ष्यों का समुचित परीक्षण नहीं किया। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया कि शव पर फांसी के अलावा अन्य चोटों के निशान पाए गए, जिनका संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दिया जा सका।
न्यायालय ने यह भी कहा कि व्हाट्सऐप संदेशों और गवाहों के बयानों से मानसिक प्रताड़ना, गर्भपात के दबाव और दहेज संबंधी आरोप सामने आए हैं। अदालत ने आरोपी पक्ष पर जांच को प्रभावित करने और मृतका की छवि खराब करने के प्रयास का भी उल्लेख किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित