रांची , अक्टूबर 14 -- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई है।

डॉ अंसारी ने कहा कि भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं के पास महल जैसे घर और सुंदर आशियाने हैं, जबकि गरीब परिवारों के बच्चे आज भी अपने कपड़े झोले में लेकर जाते हैं। आखिर गरीबों के बच्चों को भी बेहतर सुविधाएं क्यों नहीं मिलनी चाहिए?डॉ. अंसारी ने कहा कि जब उन्होंने गरीब परिवारों को ट्रॉली बैग दिए, तो उनकी खुशी देखने लायक थी। कुछ परिवारों के लोग अपना पुराना झोला वापस करने लगे। इस पर उन्होंने उनसे झोला वापस कर ट्रॉली बैग ले जाने को कहा। मंत्री के अनुसार, यह देखकर बच्चों के माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू आ गए।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उस पल उन्हें महसूस हुआ कि किसी गरीब परिवार के चेहरे पर मुस्कान लाने से बड़ी खुशी कोई नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि वह जीवन में हर वह काम करना चाहते हैं, जिससे उनके लोग मुस्कुराते रहें। जनता की खुशी ही उनकी ताकत है।

डॉ. अंसारी ने गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों वाले परिवारों को ट्रॉली बैग उपलब्ध कराने का प्रयास करने का संकल्प भी जताया। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा है कि किसी मां को अपने बच्चे के कपड़े झोले में लेकर न जाना पड़े। यह पहल केवल ट्रॉली बैग देने तक सीमित नहीं है, बल्कि गरीबों के सम्मान, सपनों और आत्मसम्मान से जुड़ी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित