तिरुवनंतपुरम , जुलाई 05 -- केरल के मत्स्य पालन विभाग ने तट के पास जाल डालकर मछली पकड़ने पर लगी रोक (ट्रॉलिंग प्रतिबंध) का उल्लंघन करने वाली नौकाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी जारी की है। विभाग ने कहा है कि नियमों को तोड़ने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जायेगा और अवैध शिकार में शामिल नावों को जब्त कर लिया जायेगा।

विभाग के मुताबिक, सरकारी प्रतिबंध के बावजूद कुछ स्वचालित जहाजों और नावों के जरिये अवैध रूप से मछली पकड़ने के मामले सामने आये हैं। इस तरह के उल्लंघन से समुद्री मछलियों के प्राकृतिक प्रजनन चक्र में बाधा आती है और छोटी मछलियां नष्ट हो जाती हैं। इससे भविष्य में मछलियों की तादाद कम होगी। इसका सीधा असर पारंपरिक मछुआरा समुदायों की आजीविका और आर्थिक सुरक्षा पर पड़ेगा।

इन उल्लंघनों को बेहद गंभीर मामला बताते हुए विभाग ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान मछलियों का प्रजनन काल चरम पर होता है। इसी वजह से उनकी संख्या बढ़ाने और केरल के समुद्री मत्स्य पालन को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए यह प्रतिबंध लगाया जाता है। इस संवेदनशील समय में अवैध रूप से मछली पकड़ना न केवल समुद्री जैव विविधता के लिए खतरा है, बल्कि संरक्षण के प्रयासों और मत्स्य उद्योग के भविष्य को भी नुकसान पहुंचाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित