भरतपुर , जुलाई 29 -- राजस्थान के सवाई माधोपुर में लालसोट-कोटा मेगा हाईवे पर भाड़ौती टोल प्लाजा के पास बुधवार को तेज आंधी और बारिश के दौरान श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर पेड़ गिर जाने से महिलाओं सहित छह से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार आज शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 25 से 30 श्रद्धालु सवार थे। सभी कांच की झोंपड़ी से काले खेजड़ा वाले स्थान पर गुरु पूर्णिमा की प्रसादी लेने जा रहे थे। रास्ते में अचानक मौसम खराब हो गया। भाड़ौती टोल प्लाजा स्थित विनायक होटल के पास तेज आंधी के चलते सड़क किनारे खड़ा एक पेड़ ट्रैक्टर-ट्रॉली पर आ गिरा जिससे ट्रैक्टर पलट गया। हादसे के बाद श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने ट्रॉली में फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालकर एम्बुलेंस की मदद से निजी अस्पताल पहुंचाया। खिरनी पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित